अलीराजपुर: जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से आम्बुआ–सेजावाड़ा मार्ग का कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग

 ब्रेकिंग न्यूज़ | अलीराजपुर से बड़ी खबर

जोबट विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल ने आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर अलीराजपुर जिले के आम्बुआ–सेजावाड़ा मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-56) का कार्य तुरंत शुरू कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, इस मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में स्वीकृति दी जा चुकी है। खास बात यह है कि 21 जनवरी 2024 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्वयं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस सड़क का भूमिपूजन भी किया था। विधायक ने इसके लिए मंत्री जी का आभार जताया, लेकिन साथ ही कार्य अब तक शुरू न होने पर चिंता भी जाहिर की।
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि यह मार्ग अलीराजपुर जिले को सीधे गुजरात के दाहोद जिले से जोड़ता है। दाहोद में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं। लेकिन सड़क संकीर्ण और जर्जर होने से गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के बाद स्थिति और भी बिगड़ गई है, जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और मरीजों की जान पर बन आती है।

श्रीमती पटेल ने कहा कि भूमिपूजन के करीब एक वर्ष बाद भी कार्य का प्रारंभ न होना जनता के लिए बेहद निराशाजनक है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गडकरी से आग्रह किया कि इस स्वीकृत सड़क कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि जिले की जनता को सुरक्षित, सुगम और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।

👉 फिलहाल, नेशनल हाईवे-56 का यह हिस्सा सिर्फ नाम के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग है, लेकिन हकीकत में लोगों के लिए यह खतरनाक रास्ता बना हुआ है।


Post a Comment

0 Comments