आलीराजपुर से तुषार राठौड़ की खबर
आलीराजपुर, 28 जुलाई। मध्यप्रदेश पटवारी संघ, जिला आलीराजपुर के जिला स्तरीय निर्वाचन में संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन देखने को मिला। जिले के कुल 210 पटवारियों में से 180 सदस्यों ने मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में नितेश अलावा को सर्वाधिक बहुमत प्राप्त हुआ और वे लगातार दूसरी बार जिला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उनके पुनर्निर्वाचन से समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अनिता चौहान को कार्यकारी अध्यक्ष, दयाराम कनेश को तहसील सोंडवा अध्यक्ष तथा दिनेश अलावा को तहसील कट्ठीवाड़ा अध्यक्ष चुना गया। वहीं सर्वसम्मति से जिला कार्यकारिणी को पूर्ववत बनाए रखने का निर्णय भी लिया गया, जिससे संगठन की निरंतरता और मजबूती का संदेश गया।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष नितेश अलावा ने निर्वाचन के बाद सभी पटवारी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे पटवारी परिवार की एकता, विश्वास और संगठन की शक्ति की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर पटवारियों की लंबित मांगों—विशेष रूप से कैडर रिव्यू, पदोन्नति तथा अन्य सेवा संबंधी मुद्दों—को लेकर प्रांतीय पटवारी संघ के आह्वान पर चरणबद्ध आंदोलन जारी है।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के तहत वर्तमान में सभी प्रकार के ऑनलाइन एवं तकनीकी कार्य पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। शासन स्तर पर संघ की मांगों को लेकर लगातार चर्चा चल रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस और सकारात्मक समाधान सामने नहीं आया है। यदि जल्द ही मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो प्रांतीय संघ के निर्देशानुसार आगामी चरण में 'बस्ता रखकर' पूर्ण हड़ताल की जाएगी।
श्री अलावा ने जिले के सभी पटवारी साथियों से संघ के निर्देशों का पूर्ण पालन करने की अपील करते हुए कहा कि आंदोलन की सफलता के लिए सभी को एकजुट रहना होगा तथा किसी भी प्रकार के तकनीकी कार्य का निष्पादन नहीं किया जाए।
बैठक एवं निर्वाचन कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र मौरी, नरेन्द्र भवंर, किशोर बैरागी, भूरसिंह डावर, जिला कोषाध्यक्ष पदमलाल जमरा, राघू जमरा, तहसील आलीराजपुर अध्यक्ष राजू चौहान, राजू डावर, नवलसिंह डूडवे, संदीप चौहान, मीडिया प्रभारी नितेश डावर, हेमंत तोमर, दिलीप ओहरिया, सुरेश पीपलाज, कुंवरसिंह चौहान सहित जिले भर के बड़ी संख्या में पटवारी उपस्थित रहे।

0 Comments