**अम्बुआ / जोबट / आलीराजपुर।**
दाऊदी बोहरा समुदाय के धर्मगुरु सैयदना साहब के प्रस्तावित आगमन को लेकर अम्बुआ और जोबट सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह और तैयारियों का माहौल तेज़ हो गया है। प्रशासन, जनप्रतिनिधि और स्थानीय समाज मिलकर इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने में जुटे हुए हैं।
इसी क्रम में अम्बुआ और जोबट स्थित बोहरा समाज की मस्जिदों में महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विधायक सेना महेश पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों स्थानों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
अम्बुआ में आयोजित बैठक के दौरान विधायक ने बिजली, पानी, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से ही दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
वहीं, जोबट में भी विधायक ने मस्जिद पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारी से फोन पर बात कर सख्त निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान लगातार तीन दिनों तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
विधायक महेश पटेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सैयदना साहब के आगमन पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजजन भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।सैयदना साहब के आगमन को लेकर अम्बुआ, जोबट और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह चरम पर है। स्थानीय लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं प्रशासन इसे यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता।


0 Comments