अलीराजपुर पुलिस लाइन में हुआ शस्त्र पूजन, मंत्री-कलेक्टर ने की हर्ष फायरिंग

अलीराजपुर विजयादशमी के पावन पर्व पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शस्त्र पूजन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद अनीता चौहान, कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

पूजन कार्यक्रम के उपरांत परंपरा अनुसार हर्ष फायरिंग भी की गई। इसमें कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, कलेक्टर डॉ. बेडेकर, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह और एएसपी प्रदीप पटेल ने शस्त्रों से फायर किया। विजयादशमी पर होने वाला यह कार्यक्रम हर साल जिले में श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाता है।

#### मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा

मंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लगातार दूसरी बार शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। विजयादशमी असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है और यही संदेश हमें समाज और राष्ट्र सेवा में भी आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।

#### कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर का संदेश

कलेक्टर डॉ. बेडेकर ने अलीराजपुर जिले के नागरिकों को विजयादशमी की बधाई देते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार शस्त्र पूजन पुलिस लाइन में संपन्न हुआ। उन्होंने इस पर्व को धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।

#### पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह की अपील

एसपी रघुवंश सिंह ने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर न केवल शस्त्र पूजन बल्कि वाहन पूजन भी परंपरा अनुसार किया गया। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अधर्म और बुराई के मार्ग को छोड़ धर्म और सत्य के पथ पर चलें।

पुलिस लाइन में हुए इस आयोजन में शस्त्र पूजन, वाहन पूजन और हर्ष फायरिंग के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। पूरे जिले में इस मौके पर उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा।

Post a Comment

0 Comments