🛑 बड़ी खबर: आलीराजपुर पुलिस का अवैध शराब माफिया पर बड़ा प्रहार — ₹1.17 करोड़ की अवैध शराब और ट्रक जब्त!

आलीराजपुर ज़िले में पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के नेतृत्व में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। थाना कोतवाली पुलिस ने देर रात ₹1.17 करोड़ की अवैध शराब और ट्रक जब्त करते हुए शराब माफियाओं की कमर तोड़ दी है।

सूत्रों के मुताबिक, दिनांक 26-27 अक्टूबर 2025 की मध्यरात्रि को कोतवाली पुलिस टीम कस्बे में गश्त पर थी। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक क्रमांक RJ09GD7262, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है, आम्बुआ रोड से आलीराजपुर की ओर आ रहा है। ट्रक के सामने की कांच पर लाल रंग में “माँ” लिखा होने की भी जानकारी दी गई थी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उण्डवा फाटा आम्बुआ रोड पर नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर का ट्रक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ट्रक को तेज गति से भगाते हुए भाग गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया, मगर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

ट्रक को मौके पर सुरक्षित करने के बाद तलाशी लेने पर पुलिस को भीतर से गोवा व्हिस्की ब्रांड की 1450 पेटियाँ (कुल मात्रा 13,050 बल्क लीटर) शराब से भरी मिलीं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹92,80,000 आँकी गई, जबकि ट्रक की कीमत ₹25 लाख, इस प्रकार कुल जब्ती मूल्य लगभग ₹1,17,80,000 रुपये रहा।

ट्रक में मिली शराब की पेटियाँ चार अलग-अलग बैच नंबरों (141, 153, 157, 160) में थीं। पुलिस ने सेम्पल लेकर उन्हें विधिवत सीलबंद कर जांच हेतु भेज दिया है। इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 477/25, धारा 34(2), 46 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इस पूरे ऑपरेशन में उप निरीक्षक सुनील रंदे, जयराम वसुनिया, सहायक उप निरीक्षक अरुण राठौर, रणजीत सिंह सोलंकी, लक्ष्मण देवड़ा, रामकुमार यादव समेत कई जवानों की अहम भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया —

“यह कार्रवाई कोतवाली पुलिस की सतर्कता और जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता है। विगत एक सप्ताह में पुलिस ने कुल 10 बड़े प्रकरणों में 19,979 लीटर शराब (₹1.25 करोड़) और 5 वाहन (₹49 लाख) जब्त किए हैं। इसके अलावा 19 छोटे प्रकरणों में 156 लीटर शराब बरामद की गई है। कुल मिलाकर अब तक ₹1.74 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है।”

एसपी सिंह ने आगे कहा —

“आलीराजपुर पुलिस जिले से अवैध शराब माफिया और तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए लगातार और ठोस कार्रवाई कर रही है। किसी भी व्यक्ति को जो इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा, बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

Post a Comment

0 Comments