आलीराजपुर में मैराथन के जरिए पुलिस ने बढ़ाया जागरूकता का कदम, बच्चों में दिखा जोश

 अलीराजपुर। महिला सुरक्षा और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल की महिला सुरक्षा शाखा के निर्देशानुसार जिले में चल रहे “अभिमन्यु-3 विशेष जन-जागरूकता अभियान” के अंतर्गत मंगलवार, 30 सितम्बर 2025 को खेल परिसर अलीराजपुर में मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिले के पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं का सम्मान करना तथा उनकी सुरक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे अभिमन्यु की तरह समाज में जागरूकता का संदेश फैलायेंगे, तभी यह अभियान अपने उद्देश्य में सफल हो सकेगा।

पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत कराई। मैराथन दौड़ खेल परिसर से निकलकर सेमलपाटी मुख्य मार्ग, कोर्ट तिराहा, बस स्टैंड और उमराली रोड से होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में संपन्न हुई। इस दौरान बच्चों ने पूरे जोश और उमंग के साथ भाग लिया और सुरक्षा व जागरूकता का संदेश दिया।

मैराथन के समापन पर साइबर पुलिस टीम ने बच्चों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। टीम ने हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए बच्चों को इसके सही उपयोग के लिए प्रेरित किया।

दौड़ आयोजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर श्री प्रदीप पटेल, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा श्री त्रिलोकसिंह पंवार, रक्षित निरीक्षक इनोद रंधावा, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सोनू सितोले, महिला थाना प्रभारी श्रीमती मनोरमा सिसोदिया तथा उनकी टीम (HC कला, HC सुधा, आरक्षक राम एवं वीरेन्द्र) भी मौजूद रहे।

अभियान 23 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक जिलेभर में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, घरेलू हिंसा पर रोकथाम और साइबर सुरक्षा जागरूकता के लिए संचालित किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments