भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम: माँ मनकामनेश्वरी माताजी मंदिर, बोरखड़ में भव्य अन्नकूट एवं प्रसादी महोत्सव सम्पन्न, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

आलीराजपुर, (संवाददाता)।आस्था, भक्ति और उल्लास से ओतप्रोत वातावरण में बोरखड़ स्थित माँ मनकामनेश्वरी माताजी मंदिर परिसर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य अन्नकूट एवं प्रसादी महोत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से सम्पन्न हुआ। यह आयोजन आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री महेश पटेल, जोबट विधायक एवं अलीराजपुर नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सेना महेश पटेल, पटेल परिवार तथा माँ मनकामनेश्वरी माताजी मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित किया गया।

माँ मनकामनेश्वरी माताजी के दिव्य सानिध्य में भक्तों द्वारा छप्पन भोग आरती संपन्न की गई, जिसके पश्चात् विशाल प्रसादी वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर लगभग 25 क्विंटल प्रसादी-सब्जी का वितरण किया गया, जिससे हजारों श्रद्धालुओं ने माँ का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीण अंचलों सहित दूर-दराज़ क्षेत्रों से भक्तगण माँ के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए पहुंचे। पूरे क्षेत्र में माँ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और भक्ति, उल्लास एवं आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।


कार्यक्रम के सफल संचालन में माँ मनकामनेश्वरी माताजी मंदिर समिति, पटेल परिवार, तथा सभी सहयोगी श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा। समापन पर आयोजकों ने माँ मनकामनेश्वरी माताजी की कृपा से कार्यक्रम के सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर सभी उपस्थित जनों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

माँ मनकामनेश्वरी माताजी के जयघोष के साथ महोत्सव का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की कि माँ सभी की मनोकामनाएँ पूर्ण करें और समस्त क्षेत्र को सुख, शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करें।

Post a Comment

0 Comments